पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में शनिवार देर रात मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई। बैटरी चोरी के शक में ग्रामीणों ने एक युवक को पकड़कर इतनी बेरहमी से पीटा कि उसकी जान चली गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान मुरमा गांव निवासी मनोज राम के पुत्र पवन राम के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात गांव में खड़े एक ट्रैक्टर से बैटरी चोरी करने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की नजर युवक पर पड़ी। शक के आधार पर लोगों ने उसे पकड़ लिया। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। युवक को रस्सी से बांधकर उसकी पिटाई शुरू कर दी गई। ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन भीड़ का गुस्सा शांत नहीं हुआ। पुलिस ने मौके से छुड़ाया, अस्पताल भेजा घटना की सूचना मिलते ही पड़वा थाना पुलिस देर रात गांव पहुंची। पुलिस ने किसी तरह युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक के शरीर पर गंभीर चोट के कई निशान पाए गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रखा है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। दो हिरासत में, अन्य आरोपियों की पहचान जारी पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार ने रविवार को बताया कि शनिवार देर रात मारपीट की सूचना मिली थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। फिलहाल दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। थाना प्रभारी ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कैंप कर रही है।
Discover more from Jharkhand News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.