- कॉपी लिंक
राज्य के 48 नगर निकायों में नगर सरकार चुनने के लिए सोमवार यानी आज मतदान होगा। मतदान सुबह 7 से शाम 5 बजे तक चलेगा। इससे पहले शनिवार शाम प्रचार अभियान का शोर थम गया।
तय समय सीमा समाप्त होते ही लाउडस्पीकर, जुलूस और बड़ी रैलियों पर रोक लगा दी गई। वहीं रविवार को पोलिंग पार्टियों और सुरक्षाकर्मियों की रवानगी हुई। चुनाव को लेकर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इस बार मतदान बैलेट पेपर से होगा और नोटा का प्रावधान नहीं रखा गया है। राज्य चुनाव आयोग के सचिव राधेश्याम प्रसाद ने बताया कि सभी जिलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निकाय क्षेत्र के हर बूथ पर सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की गई है।
2445 मतदान केंद्रों को संवेदनशील और 896 को अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां अतिरिक्त सुरक्षा बल लगाए गए हैं। पुनर्मतदान की स्थिति से निपटने के लिए तीन दिन रिजर्व भी रखे गए हैं।
43.33 लाख मतदाता करेंगे प्रतिनिधियों का चुनाव
इस चुनाव में कुल 43 लाख 33 हजार 574 मतदाता अपने प्रतिनिधियों का चयन करेंगे। इनमें 21 लाख 26 हजार 227 महिला, 22 लाख 7 हजार 203 पुरुष और 144 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए 4307 केंद्र बनाए गए हैं, जो 2129 मतदान भवनों में संचालित होंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय के भीतर मतदान केंद्र पहुंचने वाले सभी मतदाताओं को वोट देने का अवसर मिलेगा।
27 फरवरी को मतगणना, हजारीबाग में पहले परिणाम की संभावना
मतगणना 27 फरवरी को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। नगर निगमों में सबसे पहले हजारीबाग मेयर का परिणाम आने की संभावना जताई जा रही है, जबकि धनबाद का परिणाम सबसे बाद में आ सकता है। नगर परिषदों में गोड्डा और पाकुड़ के नतीजे पहले घोषित हो सकते हैं।

वहीं नगर पंचायतों में महागामा, बासुकीनाथ, बुंडू और खूंटी के परिणाम शुरुआती चरण में सामने आने की संभावना है। आयोग ने निर्देश दिया है कि इस बार मतगणना तेज और व्यवस्थित तरीके से पूरी की जाए। पिछले चुनाव में हुई देरी से सबक लेते हुए टेबल की संख्या बढ़ाई गई है, ताकि कम राउंड में नतीजे घोषित किए जा सकें और एक से दो दिनों के भीतर सभी नौ नगर निगमों के मेयर पद का परिणाम सामने आ जाए।
पांच स्टेप में जानें किस बूथ पर है आपका नाम
स्टेप 1: वेवसाइट पर जाकर ranchi.nic.in टाइप कर साइट खोलें।
स्टेप 2: होमपेज पर जाकर MUNICIPAL ELECTION RANCHI 2026 विकल्प पर क्लिक करें।
स्टेप-3: यहां VOTER LIST RANCHI 2026 या Voter List BUNDU का विकल्प दिखेगा। रांची के लिए वोटर लिस्ट रांची पर क्लिक करें।
स्टेप 4: यहां 1 से 53 वार्ड की लिस्ट दिखेगी। आप अपने वार्ड नंबर के ऊपर क्लिक करें, पीडीएफ फाइल खुलेगी। यहां बूथ नंबर, लोकेशन, मैप लिंक दिखेगा। इससे अपने मतदान केंद्र तक पहुंचा जा सकता है।
स्टेप-5 : वार्ड लिस्ट को खोलने पर दाईं ओर तीन डॉट दिखेंगे। उसे क्लिक करने पर फाइंड विकल्प खुलेगा। यहां अपने वोटर कार्ड का 10 अंकों का एपिक नंबर दर्ज करें। लिस्ट में आपका नाम, वार्ड नंबर, बूथ नं. सहित पूरी जानकारी सामने आ जाएगी।
Discover more from Jharkhand News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
