Cyber Fraud Through RTO Challan: जमशेदपुर में साइबर अपराधी व्हाट्सऐप पर फर्जी आरटीओ चालान मैसेज और एपीके फाइल भेजकर मोबाइल हैक कर रहे हैं. बिष्टुपुर साइबर थाना में कई शिकायतें दर्ज हुई हैं. पुलिस अलर्ट मोड में है और लोगों से ये सावधानियां बरतने के लिए कहा गया है.
जमशेदपुर में साइबर अपराधियों ने ठगी का एक नया और बेहद खतरनाक तरीका अपनाया है. अब लोगों को आरटीओ चालान के नाम पर फर्जी मैसेज भेजकर उनके मोबाइल फोन को हैक किया जा रहा है. इस नए साइबर फ्रॉड में खासतौर पर व्हाट्सऐप के जरिए एक संदिग्ध एपीके फाइल भेजी जा रही है, जिसे डाउनलोड करते ही मोबाइल अपराधियों के नियंत्रण में चला जाता है. बीते सात दिनों में बिष्टुपुर साइबर थाना में इस तरह की कई शिकायतें दर्ज की गई हैं, जिससे पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई है.

इस ठगी के तरीके में मैसेज देखने में पूरी तरह असली लगता है. मैसेज में लिखा होता है कि आपके वाहन पर ट्रैफिक नियम तोड़ने को लेकर चालान कटा है और 24 घंटे के अंदर भुगतान नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. मैसेज के साथ एक एपीके फाइल अटैच रहती है, जिसे चालान की कॉपी बताया जाता है. जैसे ही व्यक्ति उस फाइल को डाउनलोड करता है, मोबाइल फोन हैक हो जाता है और ठगों को फोन का पूरा एक्सेस मिल जाता है.

मोबाइल हैक होने के बाद अपराधी बैंक डिटेल, ओटीपी, यूपीआई, सोशल मीडिया अकाउंट और कॉन्टैक्ट लिस्ट तक पहुंच बना लेते हैं. कई मामलों में पीड़ित के खाते से पैसे निकाल लिए जाते हैं, वहीं कुछ मामलों में ठग उसी मोबाइल से अन्य लोगों को भी फर्जी मैसेज भेजकर उन्हें ठगी का शिकार बनाते हैं. सबसे चिंताजनक बात यह है कि अधिकतर लोग डर या जल्दबाजी में बिना जांच किए फाइल डाउनलोड कर लेते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि एपीके फाइल एंड्रॉयड मोबाइल के लिए बेहद खतरनाक होती है. सरकारी विभाग कभी भी व्हाट्सऐप के जरिए एपीके फाइल नहीं भेजती. आरटीओ चालान से संबंधित जानकारी हमेशा आधिकारिक वेबसाइट, मैसेज या ई-चालान पोर्टल के माध्यम से ही दी जाती है. किसी भी अनजान लिंक या फाइल पर क्लिक करना भारी नुकसान का कारण बन सकता है, इसलिए सावधान रहें.

अगर गलती से कोई संदिग्ध फाइल डाउनलोड हो जाए, तो तुरंत मोबाइल को फ्लाइट मोड पर डाल दें, अनजान ऐप को अनइंस्टॉल करें और जरूरत पड़ने पर फैक्ट्री रीसेट करें. साथ ही बैंक और साइबर थाना को तुरंत सूचना दें. सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है. थोड़ी सी लापरवाही आपको बड़ी मुसीबत में डाल सकती है, इसलिए किसी भी अनजान मैसेज या फाइल से सावधान रहें.
Discover more from Jharkhand News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.