Jamshedpur News: जमशेदपुर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल टाटानगर रेलवे स्टेशन परिसर में प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई कर दी. सुबह होते ही भारी पुलिस बल, रेलवे प्रशासन और दंडाधिकारी की मौजूदगी में स्टेशन के सामने वर्षों से जमे अतिक्रमण को हटाने का अभियान शुरू हुआ.
प्रशासन की यह कार्रवाई रेलवे भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाने के उद्देश्य से की गई. जानकारी के अनुसार, स्टेशन के सामने लीज की जमीन पर बनी करीब 60 से अधिक दुकानें और ढांचे लंबे समय से अतिक्रमण के दायरे में थे. रेलवे प्रशासन द्वारा पहले ही संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया था.लेकिन तय समय सीमा के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाया गया. इसके बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए आज बुलडोजर कार्रवाई को अंजाम दिया.
टाटानगर स्टेशन पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर
कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा. कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की. लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह कदम स्टेशन के पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए बेहद जरूरी है. प्रशासन का कहना है कि अतिक्रमण के कारण न सिर्फ यातायात प्रभावित हो रहा था. बल्कि यात्रियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था.रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, टाटानगर स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने की योजना चल रही है. इसके तहत स्टेशन के सामने का इलाका पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त किया जाएगा. भविष्य में पार्किंग, यात्री आवागमन और सौंदर्यीकरण का काम सुचारू रूप से किया जा सके. आज की बुलडोजर कार्रवाई इसी योजना का अहम हिस्सा मानी जा रही है.
कानून के दायरे में रहकर की गई कार्रवाई
स्थानीय लोगों की प्रतिक्रिया भी मिली-जुली रही. जहां कुछ लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई को सही ठहराया, वहीं कई दुकानदारों ने आजीविका पर सीधा हमला बताया. हालांकि प्रशासन ने साफ कहा है कि कानून के दायरे में रहकर ही कार्रवाई की गई है. आगे भी अतिक्रमण पर सख्ती जारी रहेगी. टाटानगर स्टेशन पर चला आज का बुलडोजर सिर्फ अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं है. यह संदेश भी है कि शहर में अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन किसी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगा.
Discover more from Jharkhand News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.