गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य मार्ग पर कर्णपुरा स्थित पंजाबी गार्डन होटल पर गुरुवार देर रात हथियारबंद उपद्रवियों ने हमला कर दिया। 30 से 40 की संख्या में आए हमलावरों ने होटल में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की और कर्मचारियों को बंधक बना लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उपद्रवियों ने होटल संचालक मुकेश यादव, अनिल यादव और संदीप बरनवाल, के साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के बाद सभी को होटल के अंदर बंद कर बाहर से ताला लगा दिया गया, जिससे कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने होटल में बंद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला
घटना की सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने होटल में बंद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही उपद्रवी फरार हो गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। बताया जा रहा है कि पंजाबी गार्डन होटल के संचालक होटल व्यवसाय के साथ-साथ जमीन के कारोबार से भी जुड़े हैं। जमीन के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशंका है कि इसी विवाद के चलते एक पक्ष से जुड़े लोगों ने सुनियोजित तरीके से होटल पर हमला किया। होटल में हुई तोड़फोड़ से भारी नुकसान का अनुमान
होटल संचालक मुकेश यादव ने आरोप लगाया है कि संजीव मोदी और उनके साथियों ने इस घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि उपद्रवी अचानक होटल में घुसे और तोड़फोड़ व मारपीट शुरू कर दी। होटल में हुई तोड़फोड़ से भारी नुकसान का अनुमान है। घटना के बाद होटल परिसर और आसपास के इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है। बेंगाबाद पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from Jharkhand News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.