चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर गुरुवार रात एक सड़क दुर्घटना में इटखोरी प्रखंड के प्रेमनगर निवासी दिलीप भुइयां (पुत्र रामचरण भुइयां) की मौके पर मौत हो गई। यह घटना गुरुवार रात करीब 8 बजे हुई। जानकारी के अनुसार, दिलीप अपने दोस्त विनोद के साथ बाइक से चतरा के इको पार्क से लौट रहे थे। भेड़िफार्म के ‘बेल गाछ’ के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप वैन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिलीप की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। घायल सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर इस दुर्घटना में दिलीप के साथी विनोद का पैर टूट गया है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग रेफर किया गया है। मृतक दिलीप के पिता रामचरण भुइयां ने एक महीने के भीतर अपने दोनों बेटों को खो दिया है। एक माह पूर्व ही उनके बड़े बेटे प्रेम भुइयां का बीमारी की वजह से निधन हुआ था। दिलीप की मृत्यु से परिवार गहरे सदमे में है। रामचरण भुइयां के दो पुत्र और तीन पुत्रियां थीं। दोनों बेटों के असमय निधन से परिवार में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी विपिन कुमार ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप वैन को जब्त कर लिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना के बाद से प्रेमनगर गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Discover more from Jharkhand News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.