जिले के आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर परिषद एवं सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में सोमवार को नगर निकाय चुनाव के तहत अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षद पद के लिए मतदान होगा। सुबह 7 बजे से मतदान की प्रक्रिया शुरू होगी, जो निर्धारित समय तक चलेगी। जिले में कुल 180 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 1,84,417 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संपन्न कराने के लिए रविवार दोपहर मतदान दलों को क्लस्टर के लिए रवाना कर दिया गया। सभी मतदान कर्मी सुबह निर्धारित बूथ केंद्रों पर पहुंचकर मतदान शुरू कराएंगे। जिला मुख्यालय सरायकेला स्थित काशी साहू महाविद्यालय में बनाए गए डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों को रवाना किया गया। इससे पूर्व उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश नायक ने मतदान कर्मियों को ब्रीफिंग देते हुए सतर्कता, निष्पक्षता और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है। सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में मुकाबला रोचक बना हुआ है। यहां कुल 10,762 मतदाता अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे 7 उम्मीदवारों तथा वार्ड पार्षद पद के 32 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। नगर पंचायत क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या 5,352 जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 5,410 है। कुल 11 वार्डों में 13 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। प्रशासन की ओर से सभी केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के साथ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मतदान को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
Discover more from Jharkhand News
Subscribe to get the latest posts sent to your email.